अनंतनाग पुलिस ने उतरासू और अचबल में अफीम पोस्त की अवैध खेती नष्ट की
अनंतनाग 6 मई (हि.स.)। नशीले पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ लगातार जारी कार्रवाई में अनंतनाग पुलिस ने उतरासू और अचबल क्षेत्रों में सफल अभियान चलाए जिसके परिणामस्वरूप अवैध रूप से उगाई गई अफीम पोस्त की फसलें नष्ट हो गईं और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पहले अभियान में उतरासू पुलिस स्टेशन ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के साथ उतरासू के रायपोरा गांव में एक अभियान चलाया जहां रायपोरा निवासी गुलाम हसन वानी की विधवा फातिमा बेगम की जमीन पर अफीम पोस्त की अवैध खेती पाई गई। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अवैध फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में, धारा 8/18 एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 45/2026 दर्ज की गई है और जांच जारी है।
एक अन्य कार्रवाई में अचबल पुलिस स्टेशन ने बीट ऑफिसर अकिंगम से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की जिसमें गुलाम हसन लोन पुत्र गुलाम मोहम्मद लोन निवासी बदूरा द्वारा अफीम की अवैध खेती का आरोप था। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अचबल पुलिस स्टेशन में धारा 8/18 एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 33/2026 दर्ज की गई। जांच के दौरान जांच अधिकारी ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और लगभग एक मरला भूमि पर अफीम के पौधे अवैध रूप से उगाए हुए पाए। विधिवत प्रक्रिया के अनुसा, पूरी अवैध खेती को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

