अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मी के बेटे से बात करके हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
बडगाम, 24 जुलाई (हि.स.)। भाजपा व विधान सभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने शुक्रवार को बडगाम जिले के बीरवाह के लोलीपोरा इलाके में उस पुलिसकर्मी के घर जाकर शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की, जो बुधवार को अनंतनाग आतंकी हमले में शहीद हो गया था।
पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया है और परिवार की दो पीढ़ियों ने देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने मारे गए पुलिसकर्मी के बेटे से फ़ोन पर बात करके संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। शर्मा ने कहा कि परिवार ने अपनी चिंताएँ सीधे गृह मंत्री के सामने भी रखीं।
उन्होंने कहा कि अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार शोक-संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद देगी। .शर्मा ने आगे कहा कि परिवार के बलिदान का सम्मान किया जाएगा और पुलिसकर्मी के नाम पर किसी स्कूल या अन्य सार्वजनिक संस्थान का नाम रखने की कोशिश की जाएगी।
हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन की बुधवार दोपहर अनंतनाग के लाल चौक इलाके में बहुत करीब से गोली मारकर आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

