बिलावर में आभूषण चोरी मामला सुलझा, दो लाख के गहने बरामद आरोपी गिरफ्तार
कठुआ, 14 सितंबर (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने बिलावर थाना क्षेत्र में घर से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब दो लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की देखरेख में की गई।
जानकारी के अनुसार बीते 8 सितंबर को धर्मकोट निवासी राजेश कुमार पुत्र मदन लाल ने पुलिस थाना बिलावर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके घर से सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान थाना बिलावर की पुलिस टीम ने एसएचओ बिलावर के नेतृत्व में तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर मामले में शामिल आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान यश पाल पुत्र संसार चंद निवासी सुजानपुर जिला पठानकोट पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए एक सोने का लाकेट, एक सोने की चेन और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई जिनकी कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
मामले में आगे की जांच जारी है। जिला पुलिस कठुआ ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

