जेडीए ने जम्मू शहर के बाहरी इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया, 15 से अधिक ढांचे ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 04 मई (हि.स.)। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सोमवार को जम्मू शहर के बाहरी इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जिसमें बिना अनुमति के निर्मित 15 से अधिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उल्लंघनकर्ताओं को कानूनी प्रक्रिया के अनुसार नोटिस जारी कर दिए गए हैं और उन्हें अनुपालन के लिए पर्याप्त समय दिया गया है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि आज की गई एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में जेडीए ने रिंग रोड कॉरिडोर के किनारे अवैध निर्माणों की जांच के लिए एक बड़ा विध्वंस अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक भवन निर्माण अनुमति प्राप्त किए बिना निर्मित 15 से अधिक संरचनाओं को इस अभियान के दौरान ध्वस्त कर दिया गया।

उन्होंने आगे कहा कि ये संरचनाएं स्वीकृत भूमि उपयोग मानदंडों और भवन विनियमों का स्पष्ट उल्लंघन थीं।

अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक आकलन से पता चला है कि कई अनधिकृत निर्माण सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनमें से कई संरचनाएं या तो संरचनात्मक रूप से कमजोर थीं या उन्होंने महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर अतिक्रमण कर लिया था जिससे जान और माल का खतरा बढ़ गया था विशेष रूप से आसपास के आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए।

जेडीए के प्रवर्तन विंग ने स्थानीय प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सहायता से विध्वंस अभियान चलाया जो बिना किसी अप्रिय घटना के सुचारू रूप से अभियान संपन्न हुआ। नियोजित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जेडीए ने जनता से भवन निर्माण मानदंडों का पालन करने और निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करने का आग्रह किया।

जेडीए के एक प्रवक्ता ने कहा कि अनधिकृत निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा को भी खतरे में डालते हैं और सुव्यवस्थित शहरी विकास को बाधित करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे। कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि जेडीए के अधिकारियों ने पिछले दो वर्षों में आर्थिक लाभ के बदले अवैध निर्माणों को होने दिया गया। उन्होंने दावा किया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story