अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर मंत्री जावेद राणा ने वन संरक्षण पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 मार्च (हि.स.)।

अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर जम्मू के नरवाल स्थित एफआरएमसी भवन में आयोजित कार्यक्रम में वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने जम्मू-कश्मीर में वन संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन जीवन को बनाए रखने, जैव विविधता की रक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में लगभग 20,194 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में वन फैले हुए हैं, जो कुल भौगोलिक क्षेत्र का करीब 48 प्रतिशत है। मंत्री ने ‘ग्रीन जेएंडके ड्राइव’ के तहत इस वित्तीय वर्ष में 78 लाख से अधिक पौधे लगाने और अगले वर्ष एक करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित करने की जानकारी दी। उन्होंने सामुदायिक भागीदारी, वैज्ञानिक अनुसंधान और सतत विकास के माध्यम से वन संरक्षण को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साथ ही इको-टूरिज्म, ट्रेकिंग रूट और वन बुनियादी ढांचे के विकास के जरिए रोजगार सृजन पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया गया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं की सराहना की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story