जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारत की 183वीं भूकंप वेधशाला का किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 2 नवंबर(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पहाड़ी इलाके में सोमवार को एक भूकंप वेधशाला (सिस्मोलॉजिकल ऑब्जर्वेटरी) शुरू हुई। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने देश की 183वीं ऐसी सुविधा का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय भूकंप नेटवर्क को मजबूत करना, भूकंप की निगरानी को बेहतर बनाना और इस क्षेत्र में आपदा के लिए तैयारियों को बढ़ाना है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में यह इस तरह की चौथी सुविधा है। उद्घाटन समारोह में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील शर्मा तथा किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार भी मौजूद थीं। मंत्री ने कहा कि यह वेधशाला 24×7 भूकंपीय निगरानी के जरिए हिमालयी क्षेत्र में भूकंप की निगरानी को मजबूत करेगी और भारत की भूकंप अवलोकन क्षमताओं को बढ़ाएगी।

अधिकारियों के अनुसार किश्तवाड़ एक 'फॉल्ट लाइन' (भूकंपीय दरार) के बीच में स्थित है। यह नई सुविधा हर तरह के उपायों के लिए सटीक भूकंपीय डेटा जुटाने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि यह वेधशाला किश्तवाड़ और उसके आस-पास के उन इलाकों में भूकंपीय गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी करने में मदद करेगी जो भूकंप के लिहाज से संवेदनशील हैं।

इससे पहले 21 जून 2022 को सिंह ने उधमपुर में देश की 153वीं भूकंप वेधशाला का उद्घाटन किया था। अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार वर्षों में पूरे देश में 30 और वेधशालाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा की स्थापना एक सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से सशक्त और आपदाओं का सामना करने में सक्षम भारत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ में इस वेधशाला का उद्घाटन एक सुरक्षित, अधिक सतर्क, वैज्ञानिक रूप से सशक्त और आपदाओं का सामना करने में सक्षम भारत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। किश्तवाड़ के लोगों की ओर से मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने कहा कि भूकंप की दृष्टि से इतने संवेदनशील इलाके में इस सुविधा की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770900 Articles

Share this story