खाद की उपलब्धता और किसान आईडी की समस्याओं को लेकर जाट सभा ने उठाई आवाज

WhatsApp Channel Join Now
खाद की उपलब्धता और किसान आईडी की समस्याओं को लेकर जाट सभा ने उठाई आवाज


जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। ऑल जम्मू-कश्मीर जाट सभा के प्रधान सरदार मंजीत सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त जम्मू और कृषि निदेशक से मुलाकात कर जम्मू संभाग के किसानों को पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता, किसान आईडी पंजीकरण में आ रही तकनीकी दिक्कतों तथा खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खेती के सीजन में समय पर खाद उपलब्ध न होने से किसानों को परेशानी होती है। वहीं किसान आईडी के पंजीकरण में तकनीकी और दस्तावेज संबंधी बाधाओं के कारण भी कई किसान कृषि सेवाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। सभा ने नैनो लिक्विड यूरिया की खरीद को लेकर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि कुछ खाद विक्रेता किसानों पर पारंपरिक खाद के साथ नैनो यूरिया खरीदने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार खाद खरीदने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

इस पर कृषि निदेशक ने आश्वासन दिया कि किसानों को आधार आधारित वितरण प्रणाली के माध्यम से यूरिया और डीएपी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी खाद विक्रेता को किसानों पर नैनो यूरिया खरीदने के लिए दबाव बनाने की अनुमति नहीं होगी। मंजीत सिंह ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई से संभव है। प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरलोक सिंह बाजवा, कमल चौधरी, द्वारका चौधरी, जरनैल चौधरी, सरवन चौधरी, गुरमीत सिंह बाजवा, रॉकी चौधरी और सुनील चौधरी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story