जसरोटा को विकास की बड़ी सौगात-जसरोटिया ने किया सिडको घाटी सड़क का उद्घाटन, करोड़ों के कार्यों से बदलेगी तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
जसरोटा को विकास की बड़ी सौगात-जसरोटिया ने किया सिडको घाटी सड़क का उद्घाटन, करोड़ों के कार्यों से बदलेगी तस्वीर


कठुआ, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यिडको घाटी सड़क का उद्घाटन किया। करीब 4.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क से क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विधायक ने जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में 4.80 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

विधायक द्वारा साझा किए गए विकास कार्यों के विवरण के अनुसार चेनपुरा गांव के मोहल्ला मुजाम्बल में 7.50 लाख रुपये, चेनपुरा की अनुसूचित जाति बस्ती में 9.75 लाख रुपये तथा गुड़हा पंडितां के मोहल्ला गोपाल शर्मा में 7.50 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। वहीं टोकली के मोहल्ला बुआ दित्ता में 18.75 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण और सैट गांव में 3.15 लाख रुपये की लागत से आंतरिक संपर्क मार्ग विकसित किया जा रहा है।

बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए चेनपुरा और गुड़हा पंडितां में 100-100 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाने के लिए 13 लाख रुपये का प्रावधान भी विकास कार्यों में शामिल है। इसके अतिरिक्त पेयजल सुविधा में सुधार के लिए तीन हैंडपंपों पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाने का विवरण दिया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद विधायक राजीव जसरोटिया ने विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के साथ बैठक की। इस दौरान लोगों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी विकास संबंधी आवश्यकताओं और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे उठाए।

विधायक ने अधिकारियों के साथ इन विषयों पर चर्चा करते हुए विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए समन्वय पर जोर दिया। जसरोटिया ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सड़क संपर्क, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली जैसी सुविधाएं प्रत्येक गांव और बस्ती तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना आवश्यक है ताकि कोई भी क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकारी विभागों और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समय पर समाधान और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर जसरोटा मंडल अध्यक्ष सरपंच बलवंत सिंह, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा सचिव एवं सरपंच पृथ्वीपाल सिंह निक्कू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763588 Articles

Share this story