जसरोटा को 29 करोड़ की बड़ी सौगात, सड़क व पुल निर्माण से बदलेगी ग्रामीण कनेक्टिविटी की तस्वीर

WhatsApp Channel Join Now
जसरोटा को 29 करोड़ की बड़ी सौगात, सड़क व पुल निर्माण से बदलेगी ग्रामीण कनेक्टिविटी की तस्वीर


कठुआ, 14 अप्रैल (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधायक राजीव जसरोटिया ने मंगलवार को कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया और एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को जनता को समर्पित किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री डाॅ जितेंद्र सिंह के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए आभार जताया।

उद्घाटन किए गए कार्यों में टी-01 रोड पर मंग्लूर होते हुए बाख्ता मार्ग पर 46.8 मीटर, 27 मीटर और 33.60 मीटर लंबाई के तीन एलएसबी (वेंटेड कॉजवे) का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के साथ सड़क की ब्लैकटॉपिंग भी की गई है, जिनकी कुल लागत लगभग 528.48 लाख रुपये रही। इसके अलावा विधायक ने बाख्ता से मंग्लूर तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क को भी जनता को समर्पित किया। इस पूरी परियोजना पर कुल 29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव लाएगी।

अपने संबोधन में विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और हर मौसम में संपर्क बना रहेगा। विशेष रूप से बरसात के दौरान, जब पहले नालों के उफान के कारण गांवों का संपर्क टूट जाता था, अब वेंटेड कॉजवे बनने से यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों और बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी। किसानों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी। साथ ही, छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विधायक ने यह भी कहा कि सड़क नेटवर्क मजबूत होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जसरोटा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है और जनहित के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story