जम्मू ने उधमपुर को हराकर जीती अंडर-19 खो-खो ट्रॉफी

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू ने उधमपुर को हराकर जीती अंडर-19 खो-खो ट्रॉफी


कठुआ, 13 सितंबर (हि.स.)। कठुआ के दयालाचक में आयोजित इंटर-डिस्ट्रिक्ट डिवीजन स्तरीय अंडर-19 लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता में जम्मू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में जम्मू ने उधमपुर को तीन अंकों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में उधमपुर ने कड़े मुकाबले में कठुआ को दो अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में जम्मू ने पुंछ को एक पारी और पांच अंकों के बड़े अंतर से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मेजबान कठुआ ने पुंछ को छह अंकों से शिकस्त देकर कांस्य पदक हासिल किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार टीमवर्क, दमखम और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कठुआ सुनील कुमार ने विजेता जम्मू और उपविजेता उधमपुर की टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story