जम्मू विश्वविद्यालय के नेहरू हॉल बॉयज हॉस्टल में सुविधाओं की कमी पर छात्रों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू विश्वविद्यालय के नेहरू हॉल बॉयज हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हॉस्टल में रहने वाले दर्जनों छात्रों ने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। छात्रों के अनुसार, पीने के स्वच्छ पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है और हॉस्टल में लगे वाटर कूलर भी खराब पड़े हैं। इसके अलावा बार-बार बिजली गुल होने से उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

छात्रों ने हॉस्टल के वॉशरूम की खराब स्थिति और नियमित सफाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था की बदहाली के कारण हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूरी हॉस्टल फीस वसूलने के बावजूद उन्हें स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। छात्रों का दावा है कि मेस प्रबंधन और हॉस्टल वॉर्डन से कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन और हॉस्टल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से लिखित और मौखिक रूप से अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि अगले कुछ दिनों में पेयजल, बिजली, सफाई और मेस से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे और विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक का घेराव भी कर सकते हैं।

वहीं प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। अधिकारियों ने समस्याओं की जांच करवाकर जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।

फिलहाल छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि हॉस्टल में आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए, ताकि उन्हें रहने और पढ़ाई करने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story