चंद्र ग्रहण के मद्देनज़र बंद रहेंगे जम्मू के मंदिर, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

WhatsApp Channel Join Now
चंद्र ग्रहण के मद्देनज़र बंद रहेंगे जम्मू के मंदिर, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील


जम्मू, 01 मार्च (हि.स.)। जम्मू में 3 मार्च को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के चलते शहर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक व्यवस्थाएं की गई हैं। परंपरानुसार सूतक काल आरंभ होने के बाद मंदिरों के कपाट बंद रखे जाएंगे और ग्रहण समाप्ति के पश्चात विधि-विधान से शुद्धिकरण अनुष्ठान के बाद ही दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इसी क्रम में तिरुपति बालाजी मंदिर जम्मू प्रबंधन ने घोषणा की है कि 3 मार्च को प्रातः 6:20 बजे से सूतक काल प्रारंभ होने पर मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। ग्रहण समाप्त होने के बाद शाम को शुद्धिकरण प्रक्रिया पूर्ण कर मंदिर को पुनः दर्शनार्थ खोला जाएगा।

मंदिर प्रशासन ने जम्मू और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक परंपराओं और मंदिर नियमों का पालन करते हुए सूतक काल में मंदिर न आएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। इसके अतिरिक्त, मंदिर निरीक्षक साई कृष्ण जी द्वारा जारी सूचना के अनुसार 1 मार्च 2026 से मंदिरों के दैनिक समय में भी परिवर्तन किया गया है। नए समय के अनुसार मंदिर प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे खुलेंगे और रात्रि 8:00 बजे तक दर्शन के लिए खुले रहेंगे।

मंदिर प्रबंध समितियों ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इन निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और धार्मिक आस्थाओं के अनुरूप आचरण करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story