स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जम्मू संभाग में सुरक्षा बढ़ाई गई
जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जम्मू क्षेत्र व जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने वाहनों की जांच की, सीमावर्ती जिलों, प्रमुख राजमार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर गश्त की। देशभक्ति गतिविधियों में तेजी के बीच सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
इस बीच तिरंगा यात्रा, 'हर घर तिरंगा' अभियान और स्वतंत्रता दिवस के कई कार्यक्रमों में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। शहरों और गांवों में घरों और इमारतों पर तिरंगा लहराता देखा जा सकता है। जम्मू में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम मौलाना आजाद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा जहां उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी तिरंगा फहराएंगे और सलामी लेंगे। श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बख्शी स्टेडियम में मुख्य समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है जबकि इन स्थानों के आसपास के क्षेत्रों में पहुंच, नियंत्रण, तलाशी और वाहनों की जांच की जा रही है। क्षेत्र में व्यापक निगरानी रखी जा रही है, सुरक्षा एजेंसियां समारोह स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर कड़ी नजर रख रही हैं ताकि समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
शहर में रणनीतिक स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात किए गए हैं। जम्मू-श्रीनगर और जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा तैनाती बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा सुरक्षा को मजबूत किया गया है, सीसीटीवी और अन्य निगरानी तंत्रों के माध्यम से प्रमुख सीमा सड़कों और राजमार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना, बीएसएफ और पुलिस को मिलाकर एक बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
बता दें कि जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती और उप महानिरीक्षकों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के सिलसिले में पिछले सप्ताह जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की।
अधिकारियों को समारोह स्थलों के आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षित करने और ध्वजारोहण समारोहों वाले स्थानों पर पर्याप्त बल तैनात करने का निर्देश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

