पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में जम्मू में सफाई कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 25 जुलाई (हि.स.)।

पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जम्मू में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के महासचिव अमर मोमन ने किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान पर हमला बताया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे सफाई कर्मचारियों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल कर्मचारियों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की भी मांग उठाई गई।

अमर मोमन ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द उचित कार्रवाई नहीं की और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो संगठन देशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर भारत बंद का आह्वान भी किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा तथा सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story