जम्मू ग्रामीण पुलिस ने बिजली मोटर चोरी का मामला सुलझाया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू ग्रामीण पुलिस ने कृषि क्षेत्र से बिजली मोटर चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो इलेक्ट्रिक मोटर, तांबे के तार और अन्य बिजली के तार भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गोलपट्टन निवासी राज कुमार, पुत्र बलदेव राज ने पुलिस पोस्ट गजनसू में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके खेत से दो-फेज की इलेक्ट्रिक मोटर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना कनाचक्क में एफआईआर संख्या 126/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शबीर, पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी ललयाल कैंप, हुसैन दीन उर्फ मुन्नी पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी कल्याणपुर (वर्तमान निवासी राजपुरा मंडी) तथा कानून से संघर्षरत एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दो इलेक्ट्रिक मोटर, तांबे के तार और अन्य बिजली के तार बरामद किए। इसके अलावा जांच के दौरान रवि कुमार, पुत्र पूरण चंद निवासी गैतला, कनाचक्क के कब्जे से भी एक इलेक्ट्रिक मोटर बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। जम्मू ग्रामीण पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story