जम्मू के कानाचक में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जम्मू,, 20 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू ग्रामीण पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान तेज करते हुए कानाचक थाना क्षेत्र के चड़गली इलाके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 10.71 ग्राम हेरोइन जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ है।
यह कार्रवाई 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिस पोस्ट किरपालपुर के अंतर्गत चड़गली इलाके में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शब्बीर हुसैन उर्फ हैप्पी निवासी रणजीतपुर कैंप गोल गुजराल, गगनदीप सिंह निवासी अजीत कॉलोनी, कैंप गोल गुजराल और मनीष सिंह निवासी अजीत कॉलोनी कैंप गोल गुजराल, पौनी चक के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना कानाचक में एफआईआर नंबर 183/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22/25/29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपियों के अन्य नशा तस्करों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
जम्मू ग्रामीण पुलिस ने कहा कि नशे की तस्करी और अवैध सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

