अब प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल में भी मिलेंगे टिकट

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 05 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली यानी एम यूटीएस सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अनारक्षित यात्रा टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी।

रेलवे के कर्मचारी हैंडहेल्ड मशीन और ब्लूटूथ प्रिंटर की मदद से प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल और स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर मौके पर ही टिकट जारी कर सकेंगे। यात्री टिकट के लिए नकद या क्यु आर कोड स्कैन करके यूपीआई से भुगतान कर सकेंगे। त्योहारों और आपातकालीन परिस्थितियों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इस सेवा के विस्तार के लिए पांच एम यूटीएस सहायकों के आवेदन भी आमंत्रित किए हैं। नियमानुसार सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जा सकती है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यात्रियों का समय बचाना, टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करना और टिकट लेने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। नई सेवा से खासकर त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story