जम्मू रेलवे मंडल के कर्मचारियों ने तीन यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाई

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 14 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के कर्मचारियों ने सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई। इनमें एक महिला, एक बुजुर्ग और तीन साल का बच्चा शामिल हैं। रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से तीनों यात्रियों को आपातकालीन स्थिति में राहत मिल सकी।

पहली घटना ट्रेन संख्या 15098 के पास हुई जहां स्वीटी कुमारी नाम की महिला यात्री को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद मुख्य टिकट निरीक्षक तरसेम लाल और टिकट चेकिंग स्टाफ दीपक ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

रेलवे के अनुसार समय पर मिली चिकित्सा सहायता से महिला की जान बच सकी।

दूसरी घटना जम्मू से दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 22402 में सामने आई। ट्रेन के कोच बी-11 की सीट नंबर 51 पर यात्रा कर रहे 60 वर्षीय राकेश कुमार को अचानक अस्थमा का गंभीर दौरा पड़ा। ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग कर्मचारी अजय कुमार ने तुरंत अंबाला कंट्रोल को सूचना दी। इसके बाद अगले ठहराव पर यात्री को जरूरी जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं। समय पर सहायता मिलने पर यात्री ने रेलवे प्रशासन का आभार जताया।

तीसरी घटना 14 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 26401 के कोच सी-17 में हुई, जहां तीन साल के बच्चे को अचानक दौरे पड़ने लगे। टिकट चेकिंग स्टाफ और श्रीनगर रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जीआरपी और आरपीएफ के सहयोग से उजाला अस्पताल की एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई। बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई गई है।

इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की जिम्मेदारी केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना नहीं बल्कि यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की जरूरतों के प्रति टिकट चेकिंग स्टाफ को अधिक संवेदनशील और जागरूक बनाने के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 अक्टूबर को ऑनलाइन माध्यम से 80 रेल कर्मचारियों के साथ संवाद किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने और उनकी यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए यह जागरूकता अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story