जम्मू रेलवे मंडल के पुल नंबर 232 पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाकर 45 किमी प्रति घंटा की गई

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू,, 11 नवंबर (हि.स.)।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेलवे पुल संख्या 232 पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी है। यह पुल भोगपुर सिरवाल–पठानकोट कैंट खंड के कन्द्रोरी-पठानकोट कैंट ब्लॉक सेक्शन में स्थित है। साल 2024 में आई भीषण बाढ़ से पुल की सुरक्षा दीवारों को नुकसान पहुंचा था जिसके बाद ट्रेनों की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित कर दी गई थी। साल 2025 की बाढ़ के दौरान सुरक्षा कारणों से गति सीमा और घटाई गई, जिसे बाद में चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा किया गया। वरिष्ठ मंडल अभियंता शुभम पवार के नेतृत्व में रेलवे के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने पुल की मरम्मत और मजबूती का काम पूरा किया। इसके बाद अब गति सीमा बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।

जम्मू के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने इसे रेलवे की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे ट्रेनों के समय पर संचालन में सुधार होगा और यात्रियों को अधिक सुरक्षित व आरामदायक सफर मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story