जम्मू रेलवे मंडल ने अक्टूबर में बिना टिकट और गलत टिकट के 10,708 मामले पकड़े

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 01 नवंबर (हि.स.)।

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बिना टिकट और गलत टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ अक्टूबर महीने में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे ने कुल 10,708 मामले पकड़े और जुर्माने तथा किराए के रूप में 78 लाख 7 हजार 620 रुपये का राजस्व हासिल किया।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व और दिशा-निर्देशों में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया गया। इस दौरान रेलवे की टीमों ने अलग-अलग स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में अचानक जांच की।

जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और पठानकोट कैंट जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी गई। इसके अलावा जम्मू मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों में भी टिकट चेकिंग स्टाफ ने यात्रियों के टिकटों की जांच की।

रेलवे के मुताबिक एक महीने के दौरान बिना टिकट यात्रा करने और गलत या अनियमित टिकट इस्तेमाल करने के कुल 10,708 मामले सामने आए। इन मामलों में यात्रियों से किराए और जुर्माने के तौर पर कुल 78,07,620 रुपये वसूले गए।

इस अभियान को लेकर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद केवल रेलवे की कमाई बढ़ाना नहीं बल्कि उन यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करना भी है जो सही टिकट खरीदकर नियमों के अनुसार यात्रा करते हैं।

रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में सफर करते समय अपनी यात्रा और श्रेणी के अनुसार सही टिकट जरूर खरीदें। रेलवे ने चेतावनी दी कि बिना टिकट यात्रा करना कानूनन दंडनीय अपराध है।

जम्मू रेलवे मंडल ने लोगों से रेलवे नियमों का पालन करने और टिकट चेकिंग स्टाफ का सहयोग करने की अपील की है ताकि सभी यात्रियों का सफर सुरक्षित और परेशानी मुक्त बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770742 Articles

Share this story