कटरा से चेन्नई के लिए 284 पैकेट और जम्मूतवी से कोलकाता 587 पैकेट ताजा आलूबुखारा रवाना

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 28 जून (हि.स.)।

जम्मू मंडल ने ताजे फलों के परिवहन में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन से चेन्नई के लिए 284 पैकेट ताजा आलूबुखारा सफलतापूर्वक रवाना किया है। वहीं, 22 जून से 25 जून के बीच जम्मूतवी रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए लगभग 587 पैकेट (करीब 6.1 टन) ताजा आलूबुखारा भेजा गया। चेरी और लीची की सफल ढुलाई के बाद अब आलूबुखारा की यह खेप जम्मू-कश्मीर के बागवानों को देश के बड़े बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जम्मू मंडल की पार्सल सेवाएं कश्मीर घाटी के किसानों और बागवानों के लिए तेजी से एक भरोसेमंद माध्यम बन रही हैं। रेलवे के जरिए ताजे और जल्दी खराब होने वाले फलों की सुरक्षित, तेज और किफायती ढुलाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल रहा है, जबकि देश के विभिन्न हिस्सों में उपभोक्ताओं तक ताजे फल समय पर पहुंच रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि चेरी और लीची के बाद आलूबुखारा की लगातार सफल लोडिंग इस बात का प्रमाण है कि रेलवे किसानों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि जम्मू मंडल ताजे फल, सब्जियां और अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है तथा व्यापारियों और बागवानों से रेलवे की पार्सल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story