जम्मू पुलिस ने अरनिया के तल्हाड़ से 804 ग्राम हेरोइन और 1.114 किलो अफीम बरामद की

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 21 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू पुलिस ने ऑपरेशन संजीवनी के तहत नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरएस पुरा के अरनिया सेक्टर स्थित तल्हाड़ गांव से 804 ग्राम हेरोइन और 1 किलो 114 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी किए जाने के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार इस मामले की शुरुआत 20 अक्टूबर को हुई जब पुलिस स्टेशन आरएस पुरा को कोटली मिर्दियां, तहसील सुचेतगढ़ निवासी 26 वर्षीय सन्नी कुमार पुत्र तरसेम लाल के गांव में एक खाई के पास नशीले पदार्थों का सेवन करने की सूचना मिली। इस संबंध में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27 के तहत एफआईआर नंबर 186/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच और पूछताछ के दौरान सन्नी कुमार के एक ऐसे नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई जिसका संबंध ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ गिराए जाने की घटना से बताया जा रहा है।

इसके बाद थाना प्रभारी आरएस पुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अरनिया सेक्टर के तल्हाड़ इलाके से 804 ग्राम हेरोइन और 1.114 किलो अफीम बरामद की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इस नेटवर्क के तार सीमा पार से जुड़े हो सकते हैं और ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ भारतीय क्षेत्र में पहुंचाए जा रहे थे।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहां से भेजी गई थी इसे किस तक पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जम्मू पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी और नार्को-टेरर नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऑपरेशन संजीवनी के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story