जम्मू में चीनी मांझे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, एक व्यक्ति पर केस दर्ज
जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।
प्रतिबंधित और खतरनाक सामग्री की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने बैन किए गए चीनी प्लास्टिक मांझे (गट्टू) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चीनी मांझे के चार रोल बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस पोस्ट नरवाल की टीम ने चन्नी रामा इलाके में कार्रवाई की। इस दौरान इकराम अहमद पुत्र मंजूर मलिक निवासी गुज्जर नगर, जम्मू को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्रतिबंधित चीनी प्लास्टिक मांझे के चार रोल बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि चीनी मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर डिप्टी कमिश्नर/जिला मजिस्ट्रेट जम्मू की ओर से प्रतिबंध लगाया गया है। सिंथेटिक और धारदार होने के कारण यह मांझा आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जाता है।
चीनी मांझे से पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों को गंभीर चोटें लगने के अलावा पक्षियों के घायल होने और मौत की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इसके अलावा यह मांझा आसानी से नष्ट नहीं होता, जिससे पर्यावरण के लिए भी खतरा पैदा होता है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत पुलिस स्टेशन बाहु फोर्ट में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जम्मू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री, भंडारण, परिवहन या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

