बिश्नाह में 7 ग्राम हेरोइन जैसे पदार्थ के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
जम्मू,, 27 जून (हि.स.)।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 100 दिवसीय एंटी-ड्रग अभियान और नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जम्मू पुलिस ने एक और सफलता हासिल करते हुए बिश्नाह क्षेत्र में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना बिश्नाह की टीम ने बाना चक स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पास नाका जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।
तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान दलबीर सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी रत्नाल, बिश्नाह के रूप में हुई। उसके कब्जे से लगभग 7 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना बिश्नाह में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 के तहत एफआईआर संख्या 108/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मादक पदार्थों की आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
जम्मू पुलिस ने दोहराया कि नशा तस्करी के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

