जम्मू नगर निगम आयुक्त ने पुराने शहर में अतिक्रमण का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 23 जून (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने आज शहर के पुराने हिस्से का निरीक्षण किया और फुटपाथों पर दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यापारियों और वेंडरों को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले की जानकारी दी, जिसमें कहा गया है कि नागरिकों को फुटपाथों पर सुरक्षित और बाधारहित आवागमन का अधिकार मौलिक अधिकार के तहत आता है।

आयुक्त ने पाया कि शहर के कई हिस्सों में फुटपाथों पर दुकानों का विस्तार, रेहड़ियां, ठेले और वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करती है बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती है।

डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि जम्मू नगर निगम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और नगर निगम नियमों के तहत जल्द ही सख्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाएगा, ताकि फुटपाथों को आम जनता के उपयोग के लिए खाली कराया जा सके। उन्होंने दुकानदारों और वेंडरों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की, ताकि शहर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और पैदल चलने योग्य बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story