जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू 25 अप्रैल (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों के लिए मिश्रित मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार क्षेत्र में कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 25 अप्रैल को मौसम आंशिक से लेकर सामान्यतः बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर और शाम के समय कई इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि 26 अप्रैल को मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। इसके बाद 27 और 28 अप्रैल को एक बार फिर बादल छाए रहने के साथ छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, खासकर दोपहर और शाम के समय। किसानों को सलाह दी है कि वे 26 अप्रैल के आसपास के शुष्क मौसम का लाभ उठाते हुए अपने कृषि कार्य शुरू करें।

जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों जम्मू, कठुआ, सांबा, रियासी और उधमपुर में गर्म और शुष्क मौसम बना रहने की संभावना है। 25 और 26 अप्रैल को कुछ स्थानों पर लू चलने का भी अनुमान जताया गया है।

वहीं, आगामी 29 और 30 अप्रैल को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मई की शुरुआत तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है। वहीं, एक व दाे मई को मौसम अधिकतर शुष्क रहेगा, जबकि 3 और 4 मई को फिर से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि भीषण गर्मी के दौरान धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story