जम्मू-कश्मीर में एसआईआर, मतदाता सूची में 1.60 लाख नाम जुड़े, 67,690 नाम हटाए गए

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 16 मार्च (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर में मतदाता सूची में 1.60 लाख से अधिक मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि 67,690 नाम हटाए गए। हाल ही में हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान 2.29 लाख नाम संशोधित किए गए हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वार्षिक मतदाता सूची पुनरीक्षण में जम्मू जिले में सबसे अधिक नाम हटाए गए हैं, जिनमें डुप्लिकेट और स्थानांतरित प्रविष्टियां शामिल थीं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कुछ राज्यों में किए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से अलग है। जम्मू जिले में सबसे अधिक 11,89,555 मतदाता हैं। इसके बाद श्रीनगर में 7,53,222 और बारामूला में 7,20,500 मतदाता हैं। श्रीनगर में सबसे अधिक 30,077 नाम जोड़े गए हैं। इसके बाद जम्मू में 16,855 और बारामूला में 11,854 नाम जोड़े गए।

आंकड़ों में बताया गया है कि जम्मू में सबसे अधिक 10,430 नाम हटाए गए। उसके बाद बडगाम में 7,762 और अनंतनाग में 5,241 नाम हटाए गए। आंकड़ों से पता चलता है कि संशोधन प्रक्रिया के दौरान केंद्र शासित प्रदेश में कुल 1,60,974 नाम जोड़े गए, 67,690 नाम हटाए गए और 2,29,920 नामों में सुधार किए गए। आंकड़ों से पता चला है कि इनमें से 10,639 डुप्लिकेट मतदाता प्रविष्टियां और 34,675 स्थानांतरित प्रविष्टियां केंद्र शासित प्रदेश में पाई गईं और हटा दी गईं।

जम्मू जिले में सबसे अधिक 6,840 नाम स्थानांतरित प्रविष्टियां दर्ज की गईं। उसके बाद राजौरी में 4,791 और अनंतनाग में 3,745 नाम स्थानांतरित प्रविष्टियां दर्ज की गईं। इसमें आगे बताया गया है कि जम्मू और कश्मीर में कुल मतदाताओं की संख्या 87,42,878 है जिसमें 44,65,161 पुरुष मतदाता, 42,77,568 महिला मतदाता और 149 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 100 प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। अब मतदाता पंजीकरण के लिए वर्ष में चार तिथियां 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर निर्धारित की गई हैं। जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों ने कई जनसंपर्क अभियान शुरू किए हैं। इनमें बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करेंगे और पंजीकरण में उनकी सहायता करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story