जम्मू-कश्मीर विधानसभा में धक्का-मुक्की और हंगामे से बाधित हुआ प्रश्नकाल
श्रीनगर, 21 सितंबर (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर विधानसभा में सोमवार को धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच गुरेज विधायक नजीर अहमद गुरेजी ने अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर से प्रश्नकाल जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने भाजपा सदस्यों पर सदन का समय जानबूझकर बर्बाद करने का आरोप लगाया। इस हंगामे से प्रश्नकाल बाधित हो गया, सदन में व्यवस्था बहाल करने के प्रयास में सदस्यों के बीच बार-बार तीखी बहस हुई।
गुरेजी ने विरोध कर रहे भाजपा विधायकों से कहा कि अगले चुनाव के बाद आप में से कोई भी सदन में नहीं रहेगा। आपने इस राज्य को बर्बाद कर दिया है। इससे पहले अध्यक्ष राथर ने भाजपा सदस्यों को अपनी सीटों पर लौटने और कार्यवाही जारी रखने देने की चेतावनी दी। अध्यक्ष ने विरोध कर रहे सदस्यों से कहा कि अपनी सीटों पर वापस जाइए और सदन को कार्यवाही जारी रखने दीजिए। मुझे आपके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर मत कीजिए।
सीपीआई (एम) विधायक मोहम्मद यूसुफ तारिगामी के भाजपा सदस्यों से एक और नारा लगाने को कहने के बाद स्थिति और बिगड़ गई, “राज्य का दर्जा बहाल करो” जिससे विपक्षी बेंचों से तीखी प्रतिक्रियाएँ आईं। इसके बाद भाजपा सदस्यों का तारिगामी और लंगेट विधायक शेख खुर्शीद के साथ मौखिक विवाद हो गया और हंगामा बढ़ गया। हंगामे के बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और खानयार विधायक अली मोहम्मद सागर भी खड़े हो गए और भाजपा सदस्यों के खिलाफ नारे लगाए। इस हंगामे से प्रश्नकाल बाधित हो गया, सदन में व्यवस्था बहाल करने के प्रयास में सदस्यों के बीच बार-बार तीखी बहस हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

