रणजी ट्रॉफी 2026 जीतकर जम्मू पहुंची जे&के टीम

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 03 मार्च (हि.स.)।

जम्मू एंड कश्मीर क्रिकेट टीम ने 2026 रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया और जम्मू पहुंचने पर टीम का भव्य स्वागत किया गया। जम्मू एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक, खेल प्रेमी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

एयरपोर्ट परिसर में ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। समर्थक तिरंगे और बैनर लेकर पहुंचे और टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। खिलाड़ियों पर फूलों की वर्षा की गई और उन्हें कंधों पर बैठाकर सम्मानित किया गया।

यह जीत जम्मू-कश्मीर के क्रिकेट इतिहास में मील का पत्थर मानी जा रही है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि इस उपलब्धि से प्रदेश में क्रिकेट को नई पहचान मिली है और युवाओं को बड़ा मंच हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे जम्मू-कश्मीर की है। उन्होंने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story