अगले कई दिनों तक जम्मू और कश्मीर में बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान
श्रीनगर, 24 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कई दिनों तक जम्मू और कश्मीर में आमतौर पर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 अप्रैल को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा। छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है खासकर दोपहर और शाम के समय। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 26 और 27 अप्रैल को मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना जताई। हालांकि दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 28 अप्रैल को भी आमतौर पर बादल छाए रहने, छिटपुट बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया है। 29 और 30 अप्रैल के बीच और फिर 1 से 2 मई के बीच क्षेत्र में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को 24 और 25 अप्रैल को कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी है। इस बीच जम्मू, कठुआ, सांबा, रियासी और उधमपुर जिलों सहित जम्मू मंडल के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। 24 अप्रैल को कुछ स्थानों पर लू चलने की भी आशंका है। इन क्षेत्रों के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे भीषण गर्मी के दौरान धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और लस्सी जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों का सेवन करके शरीर में पानी की कमी न होने दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

