जम्मू मंडल में ई-ऑक्शन से स्टेशनों का कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 22 मई (हि.स.)।

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे के राजस्व को बढ़ाने के उद्देश्य से जम्मू मंडल ने कई नई व्यावसायिक पहल शुरू की हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में ई-ऑक्शन प्रणाली के माध्यम से स्टेशनों पर आधुनिक और मल्टीपर्पज स्टॉल स्थापित किए जा रहे हैं जिससे पारदर्शिता के साथ गैर-किराया राजस्व भी बढ़ाया जा सके।

इस पहल के तहत कठुआ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्रियों को एक ही स्थान पर यात्रा से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं, स्नैक्स और पठन सामग्री उपलब्ध होगी। वहीं जम्मू तवी स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर मल्टीपर्पज स्टॉल शुरू होने से भीड़ प्रबंधन में सुधार और यात्रियों को बेहतर रिटेल सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बड़गाम विस्टाडोम स्पेशल ट्रेन में टीएसवी सेवा शुरू की गई है जिसके तहत यात्रियों को ब्रांडेड भोजन और सीलबंद पानी सीधे सीट पर उपलब्ध कराया जा रहा है। डीएमयू और अन्य लोकल ट्रेनों में भी ई-ऑक्शन के जरिए वेंडिंग अधिकार आवंटित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये कदम यात्री सुविधा और रेलवे की आर्थिक मजबूती दोनों को बढ़ावा देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story