जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 08 जुलाई (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को जम्मू और कश्मीर के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है। जम्मू डिवीजन के कुछ स्थानों पर भारी बारिश, संक्षिप्त तीव्र बौछारें और गरज के साथ तूफान आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जुलाई को जम्मू और कश्मीर के छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र भारी बौछारें भी हो सकती हैं। विभाग ने बताया कि 11 और 12 जुलाई को कई स्थानों पर एक या दो बार बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

जम्मू डिवीजन के कुछ अलग-थलग क्षेत्रों में भारी बारिश और संक्षिप्त तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका है। 13 से 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। छिटपुट स्थानों पर संक्षिप्त बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि जम्मू डिवीजन के कुछ हिस्सों में छिटपुट तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अपनी सलाह में 8 जुलाई और फिर 11-12 जुलाई को भारी बारिश और संक्षिप्त तीव्र बौछारों की संभावना जताई है खासकर दोपहर और सुबह के शुरुआती घंटों में।

विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि चिनाब घाटी और पीर पंजाल पर्वतमाला के संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़, भूस्खलन और कीचड़ का भूस्खलन हो सकता है। निवासियों, पर्यटकों और यात्रियों को भारी बारिश के दौरान नालों, नदियों और कीचड़ के भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story