शिकायतकर्ता ने पैसे वापस न करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए
जम्मू,, 18 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू की एक अदालत ने 10.50 लाख की कथित धोखाधड़ी के मामले में रेहाड़ी कॉलोनी निवासी राजेश्वर खन्ना और उनकी मां वीनू खन्ना के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता साहिल कुमार के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में राजेश्वर खन्ना ने यूपीआई के जरिए 50 हजार उधार लिए थे। इसके बाद जून 2024 में राजेश्वर और उनकी मां ने अपने कपड़ों के कारोबार वीनू ट्रेडर्स में आर्थिक परेशानी बताकर कथित तौर पर 10 लाख और लिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर दोनों ने रकम लौटाने से इनकार किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कार्रवाई न होने पर साहिल ने एडवोकेट शिवांग महाजन के जरिए अदालत का रुख किया। स्पेशल मोबाइल मजिस्ट्रेट ज्योति भगत ने शिकायत में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और धमकी से जुड़े प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर पुलिस स्टेशन बाहु फोर्ट को संबंधित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया।
वहीं, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जुलाई 2026 में पुलिस स्टेशन बख्शी नगर ने 4 मई 2024 को पुलिस पोस्ट सरवाल पर कथित हमले, पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी संपत्ति को नुकसान और एक आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के मामले में एफआईआर नंबर 57/2024 के तहत वीनू खन्ना, राजेश्वर खन्ना सहित सात लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। यह मामला भी अदालत में विचाराधीन बताया गया है।
गौरतलब है कि एफआईआर दर्ज करने का आदेश या चार्जशीट दाखिल होना आरोप साबित होने के बराबर नहीं है। दोनों मामलों में दोष का अंतिम फैसला अदालत करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

