200 व्यापारियों को नोटिस का मामला, जम्मू चैंबर और भाजपा विधायकों ने निगमायुक्त से की बैठक

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू में व्यापारियों को जारी किए गए करीब 200 नोटिसों का मामला गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर जम्मू चैंबर के पदाधिकारियों और भाजपा विधायकों ने जम्मू नगर निगम के आयुक्त के साथ बैठक की और व्यापारियों को नोटिस जारी किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई।

बैठक के दौरान चैंबर और भाजपा विधायकों ने कहा कि संबंधित व्यापारी पिछले करीब 48 वर्षों से प्रीमियम किराये के आधार पर अपनी दुकानें और कारोबार चला रहे हैं। ऐसे में अचानक उन्हें नोटिस जारी किए जाने से व्यापारियों में चिंता और असमंजस की स्थिति पैदा हुई है।

प्रतिनिधियों ने निगमायुक्त के सामने सवाल उठाया कि जब व्यापारी दशकों से निर्धारित व्यवस्था के तहत इन दुकानों में कारोबार कर रहे हैं तो अब उन्हें नोटिस जारी करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने इस पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने और व्यापारियों की चिंताओं का समाधान करने की मांग की।

बैठक में व्यापारियों के हितों की रक्षा करने और नोटिसों से जुड़े मामले का उचित समाधान निकालने पर जोर दिया गया। चैंबर और भाजपा विधायकों ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले लंबे समय से कारोबार कर रहे व्यापारियों का पक्ष सुना जाना चाहिए और उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story