जम्मू में ईद का त्योहार वैश्विक शांति के लिए प्रार्थनाओं के साथ मनाया गया

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को जम्मू क्षेत्र में ईद-उल-फितर पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उमंग के साथ मनाई गई। बड़ी संख्या में मुसलमान विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में एकत्रित हुए और मध्य पूर्व में शांति और संघर्षों के अंत के लिए प्रार्थना की।

ईद-उल-फितर रमज़ान के पवित्र महीने के अंत का प्रतीक है जिसे उपवास, प्रार्थना और दान के माध्यम से मनाया जाता है और यह खुशी, एकता और कृतज्ञता के त्योहार का स्वागत करता है। क्षेत्र भर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नमाज अदा की। मुख्य सभा जम्मू के रेजिडेंसी रोड स्थित ईदगाह में आयोजित की गई जिसके बाद बठिंडी की मक्का मस्जिद और तालाब खाटिकां की जामिया मस्जिद में भी सभाएं हुईं।

धार्मिक विद्वानों ने करुणा, त्याग और कृतज्ञता पर जोर देते हुए इस दिन के महत्व को रेखांकित किया और विश्व भर में विशेष रूप से पश्चिम एशिया के संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में शांति के लिए प्रार्थना की।

जम्मू के शाही इमाम मुफ्ती इनायतुल्लाह कासमी ने कहा कि ईद एक महीने के रोज़े और इबादत के बाद खुशी और कृतज्ञता का दिन है। कासमी ने यहां पत्रकारों से कहा कि हम दुआ करते हैं कि अल्लाह सभी को खुशहाल, समृद्ध और स्वस्थ रखे, और मानवता शांति और सद्भाव में रहे। वैश्विक संघर्षों का जिक्र करते हुए शाही इमाम ने कहा कि युद्ध कोई समाधान नहीं है और उन्होंने देशों से संवाद के माध्यम से मतभेदों को सुलझाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि हम सभी देशों से अपील करते हैं कि वे एक साथ बैठें और इस जानमाल के नुकसान को रोकें। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता जो पार्टी नेताओं के साथ लोगों को ईद की बधाई देने के लिए रेजिडेंसी रोड स्थित ईदगाह पहुंचे ने कहा कि जम्मू में सांप्रदायिक सद्भाव की एक लंबी परंपरा रही है। गुप्ता ने कहा कि धर्म की परवाह किए बिना जम्मू में लोग एक-दूसरे के त्योहार एक साथ मनाते हैं। आज भी सभी समुदायों के लोग ईद की खुशी बांटने के लिए इकट्ठा हुए हैं। ईद पर की गई दुआओं से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और रोजगार के अवसर आने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि हम दुनिया भर में चल रहे संघर्षों के अंत के लिए भी दुआ करते हैं।

ईद की मुबारकबाद देते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक बशीर अहमद वेरी ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के कारण महंगाई बढ़ी है और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वेरी ने कहा किहम दुआ करते हैं कि समझदारी कायम हो, युद्ध समाप्त हो और लोगों को कष्टों से मुक्ति मिले। हम अपने देश में शांति और भाईचारे के लिए भी दुआ करते हैं।

नमाज अदा करने के बाद लोग एकता और उल्लास की भावना से ईद मनाने के लिए एक-दूसरे को बधाई और मिठाई बांटते नजर आए। डोडा, किश्तवाड, रामबन, पुंछ, राजौरी और उधमपुर में भी ईद पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story