जम्मू और कश्मीर में अप्रैल के अंत तक रहेगा अधिकतर शुष्क मौसम

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 22 अप्रैल (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को कहा कि जम्मू और कश्मीर में अप्रैल के अंत तक अधिकतर शुष्क मौसम रहेगा केवल कुछ चुनिंदा तारीखों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. मुख्तार अहमद ने कहा कि 24-25 अप्रैल और 29-30 अप्रैल के आसपास हल्की बारिश को छोड़कर महीने के अंत तक कोई बड़ी मौसम संबंधी गतिविधि की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि 22-23 अप्रैल को मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

24-25 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने आंशिक रूप से लेकर सामान्यतः बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है, साथ ही छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर एक या दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जिसके साथ दोपहर और शाम के समय कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलेंगी। 26 अप्रैल को मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि दोपहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है जबकि 27-28 अप्रैल को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आगे कहा कि 29-30 अप्रैल और 1-2 मई को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर खासकर दोपहर बाद हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अपने परामर्श में मौसम विभाग ने किसानों से 23 अप्रैल तक कृषि कार्य जारी रखने का आग्रह किया है, साथ ही यह भी बताया है कि इस दौरान कई स्थानों पर दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story