जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लगातार दूसरे वर्ष पासपोर्ट सेवा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में शामिल होकर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 20 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लगातार दूसरे वर्ष पासपोर्ट सेवा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में शामिल होकर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जम्मू और कश्मीर पुलिस को पासपोर्ट सेवा दिवस समारोह और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारियों के सम्मेलन के दौरान राज्य पुलिस के लिए संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया जो 17 से 19 जून तक नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन में आयोजित किया गया था।

मान्यता प्रमाण पत्र और प्रशंसा पट्टिका सहित यह पुरस्कार केंद्रीय विदेश मंत्री द्वारा विभाग की उत्कृष्ट सेवाओं, सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता और पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए कुशल पुलिस सत्यापन प्रक्रिया को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया। यह उपलब्धि जम्मू और कश्मीर पुलिस के लिए एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिसे पिछले वर्ष पहली बार यह सम्मान प्राप्त हुआ था।

अधिकारियों ने कहा कि यह पुरस्कार पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण सुनिश्चित करने के प्रति बल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 की अवधि के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 1,64,354 पासपोर्ट आवेदनों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जो केंद्र शासित प्रदेश में पासपोर्ट संबंधी मामलों के निपटान में उल्लेखनीय दक्षता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विभाग ने कहा कि सुव्यवस्थित सत्यापन तंत्र ने जनता के विश्वास को काफी बढ़ाया है, नागरिकों के लिए यात्रा को सुगम बनाया है और उनकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक आकांक्षाओं को पूरा करने में सहयोग दिया है।

बयान में आगे कहा गया है कि यह सम्मान जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक उत्तरदायी और सेवा-उन्मुख संस्था के रूप में प्रतिष्ठा को और मजबूत करता है जो सार्वजनिक सेवा और शासन में उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story