जम्बू लोचन टी20 टूर्नामेंट: एपेक्स क्रिकेट क्लब की 40 रन से शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
जम्बू लोचन टी20 टूर्नामेंट: एपेक्स क्रिकेट क्लब की 40 रन से शानदार जीत


जम्मू, 16 अप्रैल (हि.स.)। मौलाना आजाद स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन (जेकेएमजीए) द्वारा आयोजित प्रथम जम्बू लोचन टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में एपेक्स क्रिकेट क्लब ने जेंटल जायंट्स को 40 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एपेक्स क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 174 रन बनाए। टीम की ओर से अजय सिंह ने 16 गेंदों पर ताबड़तोड़ 40 रन बनाए जबकि ईशान ने 13 गेंदों में 30 रन जोड़े। शोभनम ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली और कप्तान अरुण शर्मा ने 25 रन का योगदान दिया। जेंटल जायंट्स की ओर से साहिल और बॉबी ठाकुर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि अनमोल ने दो और आशीष कोहली ने एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जेंटल जायंट्स की टीम 19 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। विशवजीत सिंह ने 34 गेंदों में 50 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। एपेक्स क्रिकेट क्लब की ओर से अरुण शर्मा और परव तक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। राहुल ने दो विकेट लिए जबकि एसके और शुभम चिब ने एक-एक विकेट हासिल किया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अरुण शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार जेकेएमजीए की महासचिव नीते कौर कालसा द्वारा प्रदान किया गया। इस जीत के साथ एपेक्स क्रिकेट क्लब ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story