चार माह से वेतन को तरसे जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी, 23 अगस्त तक भुगतान नहीं तो काम छोड़ो हड़ताल
कठुआ, 17 अगस्त (हि.स.)। चार माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने सोमवार को प्रशासन और विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने पीएचई कार्यकारी अभियंता के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर लंबित वेतन जारी करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने कार्यकारी अभियंता के साथ बैठक कर अपनी समस्याएं रखीं और बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की।
कर्मचारियों ने विभाग को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 23 अगस्त तक चार माह का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो 23 अगस्त के बाद काम छोड़ो हड़ताल शुरू कर दी जाएगी जो मांग पूरी होने तक जारी रहेगी। कर्मचारियों ने कहा कि हड़ताल के कारण आम लोगों को होने वाली किसी भी परेशानी की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि वे विभाग के फील्ड कार्यों में सबसे आगे रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों को जिम्मेदारी से निभा रहे हैं लेकिन जब वेतन देने की बात आती है तो उन्हें नजरअंदाज किया जाता है। पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों का गुजर-बसर मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें महज 9,000 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है जो उनके अनुसार न्यूनतम वेतन मानकों से भी कम है। इसके बावजूद वे लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इतनी कम राशि भी पिछले चार माह से नहीं मिली है जिससे आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। कर्मचारियों ने दावा किया कि सरकार की ओर से उनके वेतन के लिए राशि जारी की जा रही है लेकिन कठुआ डिवीजन स्तर पर उनका भुगतान लंबित है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए 23 अगस्त से पहले बकाया वेतन जारी करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

