कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं का मौके पर किया समाधान, डिजिटल सेवाओं की दी जानकारी
जम्मू, 27 नवंबर (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय जम्मू की ओर से शुक्रवार को कठुआ और ऊधमपुर में ‘निधि आपके निकट 2.0’ आउटरीच एवं शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कठुआ स्थित चिनाब टेक्सटाइल मिल्स (सीटीएम) और ऊधमपुर के मिलिट्री कमांड अस्पताल में आयोजित शिविरों में कर्मचारियों, नियोक्ताओं और पेंशनरों को ईपीएफओ की विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
सीटीएम कठुआ में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 सुमीत सिंह और प्रवर्तन अधिकारी जतिन गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की जबकि मिलिट्री कमांड अस्पताल ऊधमपुर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 नरेश कुमार यादव के साथ प्रवर्तन अधिकारी देविंदर सिंह और बल कृष्ण मौजूद रहे। अधिकारियों ने ईपीएफ दावों, केवाईसी अपडेट, ई-नॉमिनेशन और पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए नियमित अनुपालन तथा पात्र कर्मचारियों तक सामाजिक सुरक्षा लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
शिविरों में पेंशनरों को आधार आधारित बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से जीवन प्रमाण पोर्टल पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने में भी सहायता दी गई। इसके अलावा विश्वास योजना 2026, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और चार श्रम संहिताओं के बारे में जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया। कठुआ में सीटीएम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा और धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे जबकि ऊधमपुर में कर्नल धीरेंद्र मलिक और ईएसआईसी के सीएमओ डॉ. रिपन गुप्ता ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

