वीसीए ओपन जम्मू अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता में ईशान और अवनी बने चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
वीसीए ओपन जम्मू अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता में ईशान और अवनी बने चैंपियन


जम्मू, 10 मई (हि.स.)। जम्मू में ऑल जे एंड के चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित वीसीए द्वितीय ओपन जम्मू अंडर-17 (बालक एवं बालिका) शतरंज प्रतियोगिता का समापन हुआ।

प्रतियोगिता का आयोजन फिडे लॉ ऑफ चेस के नियमों के अनुसार किया गया। बालक वर्ग में ईशान चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात राउंड में छह अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया। ईशान पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहे।

वहीं बालिका वर्ग में अवनी शर्मा ने पांच अंक जुटाकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

अंडर-11 वर्ग में त्रियंश वर्मा और मनुश्री निश्चल ने क्रमशः बालक एवं बालिका वर्ग के खिताब जीते। दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार अंक अर्जित किए। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शतरंज प्रेमी संजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व जम्मू-कश्मीर चैंपियन एवं प्रसिद्ध शतरंज प्रशिक्षक विवेक भारती की मौजूदगी में विजेताओं को ट्रॉफी और तीन हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।

प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। ईशान चौधरी ने लगातार बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम राउंड में प्राज्ञा को हराकर खिताब सुनिश्चित किया जबकि अवनी शर्मा ने आखिरी मुकाबले में आद्विक को मात देकर बालिका वर्ग का शीर्ष स्थान हासिल किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story