पौनी चक्क में 63 लाख रूपये की सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
पौनी चक्क में 63 लाख रूपये की सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा लाभ


जम्मू, 04 जून (हि.स.)। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने वार्ड नंबर 32, पौनी चक्क में 63 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाली फील्ड चैनल एक्सटेंशन परियोजना का उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण सिंचाई अवसंरचना परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में जल प्रबंधन को सुदृढ़ बनाना और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों की आजीविका में सुधार के लिए सिंचाई अवसंरचना का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें विश्वसनीय सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना कृषि भूमि तक पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करेगी, जल की बर्बादी को कम करेगी तथा फसल उत्पादन बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि अवसंरचना को मजबूत करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और किसानों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की सिंचाई संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। गुप्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क, जलापूर्ति, ड्रेनेज और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story