इंटर-एनआईटी फैकल्टी एवं स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट: मेजबान एनआईटी श्रीनगर, जालंधर और हमीरपुर सेमीफाइनल में
जम्मू, 06 जुलाई (हि.स.)। एनआईटी श्रीनगर की मेजबानी में आयोजित अखिल भारतीय इंटर-एनआईटी फैकल्टी एवं स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के तीसरे दिन प्रतियोगिता नॉकआउट चरण में पहुंच गई। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मेजबान एनआईटी श्रीनगर, एनआईटी जालंधर और एनआईटी हमीरपुर ने प्रभावशाली जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
एनआईटी श्रीनगर मैदान पर खेले गए क्वार्टर फाइनल में मेजबान टीम ने एनआईटी कुरुक्षेत्र को सात विकेट से हराकर लगातार शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए एनआईटी कुरुक्षेत्र ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 123 रन बनाए। प्रो. विकास कुमार ने सर्वाधिक 22 रन बनाए जबकि एनआईटी श्रीनगर की ओर से डॉ. शकील वसीम ने 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। डॉ. मोहसिन, डॉ. माजिद हुसैन, मुदस्सिर कादिर और शाहिद हमीद ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एनआईटी श्रीनगर ने केवल 14 ओवर में तीन विकेट खोकर 127 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। डॉ. वेद प्रकाश ने नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली जबकि आकिब शेख ने 38 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. पंकज कुमार ने 16 और शाहिद हमीद ने मात्र चार गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। डॉ. वेद प्रकाश को उनके शानदार अर्धशतक के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। एनआईटी श्रीनगर के रजिस्ट्रार प्रो. अतिकुर रहमान ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। गांदरबल फिजिकल कॉलेज में खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल में एनआईटी जालंधर ने एनआईटी राउरकेला को आठ रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जालंधर ने 157/6 का स्कोर बनाया। जवाब में राउरकेला के सुब्रत एस ने 82 रन की बेहतरीन पारी खेली लेकिन टीम 149/6 तक ही पहुंच सकी। जालंधर के मनजीत सिंह ने दो विकेट लिए जबकि शानदार बल्लेबाजी के लिए सुब्रत एस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एक अन्य क्वार्टर फाइनल में एनआईटी हमीरपुर ने एनआईटी कालीकट को 32 रन से पराजित किया। हमीरपुर की टीम 107 रन पर सिमट गई थी लेकिन इसके बाद उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कालीकट को 75 रन पर ऑलआउट कर दिया। मनीष ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 34 रन बनाने के साथ पांच विकेट भी झटके जबकि सुरेंद्र सोनी ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले लीग चरण के मुकाबलों में भी कई रोमांचक मैच खेले गए। एमएनआईटी जयपुर ने एनआईटी दिल्ली को 99 रन से हराया जबकि मैनिट भोपाल ने एनआईटी रायपुर को 24 रन से पराजित किया। एनआईटी कुरुक्षेत्र ने एनआईटी आंध्र प्रदेश पर 17 रन की जीत दर्ज की जिसमें राहुल शर्मा ने हैट्रिक लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
अन्य मुकाबलों में एनआईटी अगरतला ने एनआईटी मणिपुर को पांच विकेट, एनआईटी राउरकेला ने एमएनएनआईटी इलाहाबाद को पांच विकेट, वीएनआईटी नागपुर ने एनआईटी नागालैंड को 11 रन और एसवीएनआईटी सूरत ने एनआईटी सिक्किम को 23 रन से हराया। वहीं एनआईटीके सुरथकल ने एकतरफा मुकाबले में एनआईटी गोवा को दस विकेट से शिकस्त देकर दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

