इंटर-एनआईटी फैकल्टी एंड स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, मेज़बान एनआईटी श्रीनगर ने 10 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
इंटर-एनआईटी फैकल्टी एंड स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, मेज़बान एनआईटी श्रीनगर ने 10 विकेट से दर्ज की शानदार जीत


इंटर-एनआईटी फैकल्टी एंड स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, मेज़बान एनआईटी श्रीनगर ने 10 विकेट से दर्ज की शानदार जीत


जम्मू, 04 जुलाई (हि.स.)। ऑल इंडिया इंटर-एनआईटी फैकल्टी एंड स्टाफ क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष) 2026 का शनिवार को श्रीनगर में शानदार आगाज़ हुआ। देशभर के 24 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) की टीमों की भागीदारी वाले इस पांच दिवसीय टूर्नामेंट के पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए जिनमें मेज़बान एनआईटी श्रीनगर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की शुरुआत 10 विकेट की शानदार जीत के साथ की। पहले मुकाबले में एनआईटी श्रीनगर ने एनआईटी मणिपुर को 20 ओवर में 121/8 के स्कोर पर रोक दिया। डॉ. शकील वसीम ने 4 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की जबकि डॉ. माजिद हुसैन ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में एनआईटी श्रीनगर ने महज 6.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। आकिब शेख ने मात्र 33 गेंदों में नाबाद 103 रन की तूफानी पारी खेली जिसमें 17 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। कप्तान फैसल इरशाद 10 रन बनाकर नाबाद लौटे।

अन्य मुकाबलों में एनआईटी जालंधर ने एनआईटीके सुरथकल को 23 रन से हराया। एनआईटी उत्तराखंड ने कुलदीप ठाकुर की 90 रन की विस्फोटक पारी और हितेश शर्मा की 6 विकेट की शानदार गेंदबाजी की बदौलत एनआईटी आंध्र प्रदेश को 49 रन से मात दी। एनआईटी जमशेदपुर ने एमएनएनआईटी इलाहाबाद को पांच विकेट से पराजित किया। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला एनआईटी पुडुचेरी और मैनिट भोपाल के बीच खेला गया जो टाई पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 164-164 रन बनाए और अंक साझा किए।

वहीं एनआईटी कालीकट ने एनआईटी दिल्ली को नौ विकेट से हराया जबकि एनआईटी हमीरपुर ने एनआईटी सिक्किम को नौ विकेट से शिकस्त दी। एक अन्य करीबी मुकाबले में वीएनआईटी नागपुर ने एनआईटी सिलचर को तीन विकेट से पराजित किया।

एनआईटी श्रीनगर की मेजबानी में आयोजित यह पांच दिवसीय चैंपियनशिप खेल भावना, आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में देशभर के 24 एनआईटी संस्थानों के फैकल्टी और स्टाफ सदस्य भाग ले रहे हैं जिससे टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी समन्वय और भाईचारे का भी संदेश दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story