सड़क दुर्घटनाओं का सटीक डेटा दर्ज करने के निर्देश, पात्र पीड़ितों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटनाओं का सटीक डेटा दर्ज करने के निर्देश, पात्र पीड़ितों को समय पर सहायता सुनिश्चित करने पर जोर


कठुआ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शनिवार को कठुआ में इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस/इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट पोर्टल की कार्यप्रणाली और पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों की सटीक और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला रोलआउट प्रबंधक राघव शर्मा ने ईडीएआर पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी के प्रबंधन, समय पर रिपोर्टिंग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने पीएम राहत योजना की प्रक्रिया, उद्देश्य और पोर्टल पर उपलब्ध सभी दस प्रपत्रों की उपयोगिता के बारे में भी अधिकारियों को जानकारी दी। डीसी राजेश शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां ईडीएआर पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज की जाएं और संबंधित औपचारिकताएं निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाए ताकि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना के तहत समय पर सहायता मिल सके।

उन्होंने दुर्घटना मामलों के प्रभावी प्रबंधन के लिए पोर्टल का उचित उपयोग सुनिश्चित करने और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश भी दिए। बैठक में आईआरएडी/ईडीएआर प्रणाली और पीएम राहत योजना को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभागीय समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल, एडीसी बिलावर विश्वजीत सिंह, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी (एसएचओ) उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story