कठुआ में मतदाता सूची पुनरीक्षण का निरीक्षण, सभी पात्र नागरिकों के 100 प्रतिशत पंजीकरण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में मतदाता सूची पुनरीक्षण का निरीक्षण, सभी पात्र नागरिकों के 100 प्रतिशत पंजीकरण पर जोर


कठुआ, 21 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के राज्य चुनाव आयुक्त शांतमणु ने मंगलवार को कठुआ जिले का दौरा कर पंचायत चुनाव मतदाता सूची-2026 के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत लगाए गए विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत चुनाव अधिकारी (डीसी) राजेश शर्मा और राज्य चुनाव आयोग के सचिव सुशील कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

दौरे का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया की जमीनी स्तर पर प्रगति की समीक्षा करना और यह सुनिश्चित करना था कि मतदाता सूचियां पूरी तरह सटीक, व्यापक और समावेशी हों। 27 मार्च 2026 से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने और स्थानांतरण से जुड़े दावे और आपत्तियां स्वीकार की जा रही हैं। राज्य चुनाव आयुक्त ने जीडीसी हीरानगर और जीएमएस बडाला में लगे विशेष शिविरों का निरीक्षण करते हुए नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की गति का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न फॉर्म्स की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों का 100 प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता बनाए रखना जरूरी है। साथ ही पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए ताकि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे।

इस मौके पर डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने के लिए कॉलेजों और पंचायतों में, यहां तक कि सप्ताहांत पर भी विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि सभी पात्र लेकिन अब तक अपंजीकृत नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। इस दौरान कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story