कश्मीर के फल उद्योग को राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की पहल तेज, रेलवे की उच्च स्तरीय बैठक में पार्सल ट्रैफिक बढ़ाने और ढांचागत सुधार पर मंथन
जम्मू, 03 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर घाटी के प्रसिद्ध फल उद्योग और पार्सल व्यापार को राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के उद्देश्य से जम्मू मंडल में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (वाणिज्य) ने की जिसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल, कश्मीर के पार्सल व्यापारी, प्रमुख फल उत्पादक और कार्गो एग्रीगेटर्स शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कश्मीर क्षेत्र से पार्सल ट्रैफिक बढ़ाने के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करना रहा। इस दौरान चेरी और अन्य नाशवान फलों के परिवहन के लिए सड़क मार्ग के बजाय रेल को एक विश्वसनीय, समयबद्ध और किफायती विकल्प के रूप में स्थापित करने पर जोर दिया गया।
चर्चा के दौरान बडगाम से सुबह 6:15 बजे चलने वाली जेपीपी-आरसीएस पार्सल ट्रेन के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया जो बाड़ी ब्राह्मणा और अंबाला कैंट के रास्ते अगले दिन सुबह 5:30 बजे आदर्श नगर, दिल्ली पहुंचती है। इससे फलों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सकेगी। बैठक में यह भी सहमति बनी कि छोटे व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्गो एग्रीगेटर्स के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा, ताकि छोटे-छोटे पार्सल को एकत्रित कर रेल के माध्यम से भेजा जा सके। इसके अलावा बडगाम रेलवे स्टेशन, श्रीनगर रेलवे स्टेशन और पंपोर रेलवे स्टेशन पर लोडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को उन्नत करने की योजना भी साझा की गई।
रेलवे प्रशासन ने पार्सल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिस्पर्धी भाड़ा दरें और थोक बुकिंग पर रियायतें देने का भी प्रस्ताव रखा। इस अवसर पर उचित सिंघल ने कहा कि कश्मीर के उत्पादों की वैश्विक पहचान है और रेलवे एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों और व्यापारियों को सशक्त बनाते हुए क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

