गुरुकुल की गतिविधियों और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल की गतिविधियों और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की दी जानकारी


जम्मू, 04 जून (हि.स.)। महर्षि दयानंद गौशाला एवं गुरुकुल के मुख्य संरक्षक चंदन दत्ता ने जम्मू के उपायुक्त राकेश मिन्हास से मुलाकात कर गुरुकुल द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुकुल में भावी पीढ़ी को वैदिक शिक्षा प्रदान करने, संस्कृत भाषा एवं वेदों के अध्ययन को बढ़ावा देने तथा भारत की प्राचीन गुरुकुल परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चंदन दत्ता ने उपायुक्त को बताया कि वर्तमान में गुरुकुल में 31 ब्रह्मचारी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ये विद्यार्थी जम्मू के मुठी स्थित सरकारी हाई स्कूल से आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि शाम के समय शास्त्रियों एवं आचार्यों से संस्कृत भाषा तथा वेदों का अध्ययन करते हैं।

उपायुक्त राकेश मिन्हास ने युवाओं को वैदिक शिक्षा से जोड़ने और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए गुरुकुल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने निकट भविष्य में गुरुकुल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का स्वयं अवलोकन करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने समाज सेवा और मानवता के हित में चंदन दत्ता के उल्लेखनीय योगदान की भी प्रशंसा की। बैठक में अध्यक्ष श्री अरुण आर्य, कोषाध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता, राजिंदर सिंह तथा सुभाष सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story