जम्मू-कश्मीर यूथ कांग्रेस चुनाव 2026 के लिए सदस्यता अभियान की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 05 अक्टूबर (हि.स.)।

इंडियन यूथ कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर यूथ कांग्रेस चुनाव 2026 के लिए सदस्यता और नामांकन अभियान की घोषणा कर दी है। जारी प्रेस नोट के अनुसार सदस्यता लेने के इच्छुक युवाओं की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। इसके अलावा किसी अन्य राजनीतिक संगठन से जुड़े व्यक्ति को सदस्यता लेने के लिए उस संगठन की सदस्यता छोड़नी होगी।

सदस्यता के लिए जन्मतिथि की निर्धारित सीमा 1 अक्टूबर 1990 से 2 अक्टूबर 2008 रखी गई है। सदस्यता केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से ली जा सकेगी और इसके लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

संगठन ने चुनाव के लिए विभिन्न समितियों के पदों की संख्या भी घोषित की है। इनमें ब्लॉक समिति के 21 पद, विधानसभा समिति के 33 पद, जिला अध्यक्ष समिति के 14 पद, जिला महासचिव समिति के 25 पद, प्रदेश महासचिव समिति के 55 पद और प्रदेश अध्यक्ष समिति के 16 पद शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष समिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद शामिल होंगे।

जारी प्रेस नोट के अनुसार सदस्य बनने के लिए मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य होगा। वहीं चुनाव में उम्मीदवार बनने के इच्छुक युवाओं को मतदाता पहचान पत्र के साथ जन्मतिथि का प्रमाण भी देना होगा। सदस्यता और चुनाव संबंधी विस्तृत जानकारी संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story