ड्रोन खतरे के बीच सेना ने जेके पुलिस को दिया विशेष प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 08 अप्रैल (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में बढ़ते ड्रोन खतरे को देखते हुए भारतीय सेना ने पुलिस बल को आधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनकी आतंकवाद विरोधी क्षमताओं को और मजबूत किया जा सके।

इस प्रशिक्षण के तहत पुलिसकर्मियों को ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें नए जमाने के उपकरणों को संचालित करने और संभावित खतरों से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।

अधिकारियों का मानना है कि हाल के समय में ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौतियां सामने आई हैं। ऐसे में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस और सेना के बीच बेहतर तालमेल और तकनीकी दक्षता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

सेना का यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story